वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली सरकार अचीवमेंट एंड स्कीम एक्सपो-2026 में एमसीडी ने लिया भाग

प्रकाशित: 26-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने आज भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित दिल्ली सरकार अचीवमेंट एंड स्कीम एक्सपो-2026 (उपलब्धि एवं योजना प्रदर्शनी) में अपने समर्पित स्टॉल के माध्यम से नागरिक-केंद्रित पहलों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं विभिन्न नागरिक सेवाओं का प्रदर्शन किया। निगम के स्टॉल पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, नागरिकों तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भ्रमण किया और निगम की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में दिल्ली नगर निगम के विभिन्न विभागों ने भाग लिया, जिनमें संपत्ति कर विभाग, पर्यावरण प्रबंधन सेवा विभाग (डैम्स), पशु चिकित्सा सेवा विभाग तथा जन स्वास्थ्य विभाग प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन विभागों ने आकर्षक मॉडल, इंटरैक्टिव डिस्प्ले व पैनलों तथा जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से अपनी विभिन्न परियोजनाओं, डिजिटल पहलों एवं नागरिक सेवाओं का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आगंतुकों से संवाद किया तथा ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलें,पशु चिकित्सा सेवाएं तथा जन स्वास्थ्य कार्पामों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। यह प्रदर्शनी निगम के लिए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से निगम पारदर्शी प्रशासन, बेहतर नागरिक सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर रहा है।
दिल्ली नगर निगम का स्टॉल 25 से 27 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान के हॉल संख्या 8, 9 एवं 10, स्टॉल संख्या 71 पर आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। दिल्ली नगर निगम ने सभी नागरिकों से प्रदर्शनी में आकर एमसीडी की विभिन्न जनहितकारी पहलों एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा स्वच्छ व स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में सहभागी बनने का आग्रह किया है।