वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सत्य निकेतन में घायल और मृतक छात्रों को न्याय की मांग को लेकर घटनास्थल पर धरने पर बैठे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र

प्रकाशित: 08-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली (वीर अर्जुन)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला हॉस्टल पीजी की इमारत ढहने के लिए दिल्ली में भाजपा का भ्रष्ट सिस्टम जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पीजी की इमारत ढहने में 7 बच्चों की मौत हो चुकी है और 12 को सुरक्षित निकाला गया जबकि 30-40 छात्र दबे होने की आशंका है। श्री यादव ने पूछा कि 50 साल पुरानी 5 मंजिला इमारत के नीचे बेसमेंट में पानी भर जाने के बाद बिना सुरक्षा इंतजाम के बेसमेंट में मरम्मत करने की इजाजत किसने दी? यह पूरी तरह प्रशासनिक गैरजिम्मेदाराना और भ्रष्टाचार का मामला है। न्याय की मांग को लेकर घटना स्थल पर धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाही नही होती और घायल और मृतक छात्रों को न्याय नही मिलता सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। देवेन्द्र यादव ने मांग की कि सत्या निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढहने की जिम्मेदारी लेते हुए निगम आयुक्त इस्तीफा दें। धरने पर देवेन्द्र यादव के साथ एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय निवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। देवेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा रही है, जो कोई नई बात नही है। हर घटना के बाद भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य निभाने की जगह आरोप लगा रही है जबकि भ्रष्टाचार मिटाने और सुव्यवस्थित प्रशासन देने का दावा भाजपा ने किया था। उन्होंने कहा कि सत्या निकेतन क्षेत्र में पार्षद, विधायक, सांसद, मेयर, स्थायी समिति के अध्यक्ष और जोन अध्यक्ष सब भाजपा के ही है और इनके निर्देश और आदेश पर अधिकारी काम करते है। क्या मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भाजपा के सत्तासीन लोगों पर भी कार्रवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में सारे इंजन भाजपा के है, हर दिन हो रहे हादसों के लिए जिम्मेदार भी भाजपा ही है।