वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने अतिरिक्त आयुक्तों एवं वरिष्ठ अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

प्रकाशित: 07-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने आज निगम के अतिरिक्त आयुक्तों एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निगम के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के नियमितीकरण, डॉग शेल्टर होम के निर्माण, पौधारोपण अभियान, शिक्षकों की ट्रांसफर नीति तथा अन्य महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर स्थायी समिति के उपाध्यक्ष श्री सत्यपाल सिंह व सदन के नेता श्री जयभगवान यादव भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान श्रीमती सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए एक स्पष्ट एवं पारदर्शी नीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि करुणामूलक आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रािढया में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने इस विषय पर प्रत्येक दो से तीन माह में समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रािढया की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके। डॉग शेल्टर होम के संबंध में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गाज़ीपुर एवं मसूदपुर में शीघ्र डॉग शेल्टर होम स्थापित किए जाएं। उन्होंने बताया कि गाज़ीपुर में भूमि उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है तथा आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। श्रीमती सत्या शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवारा कुत्तों के एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्पाम का कार्य कर रही गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ) के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि जो संस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं कर रही हैं अथवा अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर रही हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी एबीसी केंद्रों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी वार्डों में संबंधित पार्षदों के साथ से कम से कम 100-100 पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान दिल्ली की हरियाली बढ़ाने के लिए तथा पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान श्रीमती सत्या शर्मा ने अधिकारियों को शिक्षकों की ट्रांसफर नीति में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रािढया को पूर्णत पारदर्शी बनाया जाए तथा शिक्षकों की ट्रांसफर एवं पोस्टिंग यथासंभव दूरी के आधार पर की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। जनस्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान श्रीमती सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी कांवड़ शिविरों में प्रतिदिन सुबह एवं शाम नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए घर-घर जाकर लार्वा जांच एवं स्रोत नष्ट करने के अभियान में और तेजी लाई जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, एंटी-लार्वा गतिविधियों तथा जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। बैठक के अंत में श्रीमती सत्या शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए, जिससे निगम की सेवाएं अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बन सकें।