लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे सड़क धंसी,भाजपा का भ्रष्टाचार सतह पर आया: भाकपा (माले)
प्रकाशित: 07-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। भाकपा (माले) ने कहा है कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे, जो लगभग 4700 करोड़ रुपये की लागत से बना और भाजपा नेताओं द्वारा ‘अमेरिका जैसी सड़क' करार दिया गया था, उद्घाटन के महज़ 24 दिनों के भीतर 84 स्थानों पर धंस गया। यह भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और जनता की गाढ़ी कमाई की खुली लूट का जीता-जागता सबूत है। पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने अपने बयान में कहा कि, जिस सरकार ने ‘भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस' का ढिंढोरा पीटा था, उसी के शासन में जनता के पैसों की धज्जियां उड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा-चंदा घोटाले का मामला अभी थमा भी नहीं कि अब एक्सप्रेस-वे घोटाला भाजपा की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। राज्य सचिव ने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे को भाजपा से जुड़े लोगों की ही कंपनी ने बनाया है। 63 किमी का एक्सप्रेस-वे 84 जगहों पर धंस चुका है। जबकि यह उत्तर प्रदेश का सबसे महंगा एक्सप्रेस-वे है, जिसके प्रति एक किमी निर्माण पर 75 करोड़ रु खर्च हुआ है। टोल भी जमकर लगाया गया जो सबसे महंगा है। भाकपा (माले) नेता ने इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने, निर्माण कंपनी, उसके मालिकों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और भविष्य की परियोजनाओं में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।