वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ हादसे में हुई जनहानि पर जताया शोक

प्रकाशित: 07-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में देर रात की घटना में हुई जनहानि पर शोक जताया। बारिश की वजह से नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में करीब 100 वर्ष पुराना मकान गिर गया। इसके मलबे में दबकर छह लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य घायल है।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी टीम के साथ राहत-बचाव कार्यों में जुट गए। हादसे में महुली निवासी नितिन श्रीवास्तव (24), माधव (2), रीता श्रीवास्तव (42),प्रमोद श्रीवास्तव (45), माधुरी (24), बाबू (6 माह) का निधन हो गया, जबकि अमन श्रीवास्तव घायल हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जिला प्रशासन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायल अमन के समुचित इलाज का निर्देश दिया है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि जनपद प्रतापगढ़ में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायल को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
कानून व्यवस्था पर सीएम योगी की बड़ी समीक्षा बैठक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात 9 बजे 5-कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की व्यापक समीक्षा करेंगे। बैठक में महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति प्रमुख एजेंडा रहेगी। इसके साथ ही जलभराव, बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री आगामी कांवड़ यात्रा, विभिन्न मेलों और त्योहारों को लेकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों का भी जायजा लेंगे। बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।इसके अलावा किसानों को खाद की उपलब्धता, ऊर्जा आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, नगर विकास और अन्य महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री जिला एवं मंडल स्तर के अधिकारियों से सीधे संवाद कर प्रदेशभर की व्यवस्थाओं का फीडबैक लेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे।