वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

इंडस्ट्री के कुछ लोग मेरे पीछे पड़े हैः तनुश्री दत्ता

प्रकाशित: 25-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
इंडस्ट्री के कुछ लोग मेरे पीछे पड़े हैः तनुश्री दत्ता
वीर अर्जुन समाचार ब्यूरो
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता एक बार फिर अपने एक नए बयान को लेकर अचानक सुर्खियों में आ गई हैं. इस बार उन्होंने किसी विवाद पर बात करने के बजाय सीधे अपने करियर और काम को लेकर एक बहुत गंभीर चिंता जताई है. तनुश्री ने सोशल मीडिया पर एक लंबी-चौड़ी पोस्ट शेयर करते हुए खुलासा किया है कि इंडस्ट्री में कुछ लोग लगातार उनके काम में रोड़ा अटका रहे हैं.
उनका आरोप है कि जो ब्रांड्स और मेकर्स उनके साथ काम करना चाहते हैं, उन्हें झूठी बातें कहकर भड़काया जा रहा है, ताकि उनसे प्रोजेक्ट्स छीन लिए जाएं. तनुश्री दत्ता ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए अपनी भड़ास निकाली. उन्होंने लिखा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो उनके पास आने वाले काम को उनके हाथों तक पहुंचने ही नहीं दे रहे हैं. वे मेकर्स और ब्रांड्स से झूठी बातें बोलते हैं, चीज़ों को तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं और बातचीत को शुरुआत में ही बिगाड़ देते हैं. तनुश्री का कहना है कि यह सब उनके करियर को नुकसान पहुंचाने के लिए सोची-समझी साजिश के तहत किया जा रहा है. इसलिए उन्होंने इवेंट प्लानर्स, ब्रांड्स और फिल्म मेकर्स से सावधान रहने की अपील की है. अपने काम और पैसों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तनुश्री ने साफ कर दिया कि उनके काम का हर एक लेन-देन पूरी तरह से लीगल होता है. उन्होंने कहा कि कोई भी मेकर्स या ब्रांड्स किसी बिचौलिए के बहकावे में न आएँ. जब तक उनके ऑफिशियल बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर न हो, तब तक किसी को भी कोई पेमेंट न करें. उन्होंने यह भी साफ किया कि वे कैश में कोई काम नहीं करतीं और उनके नाम पर अगर कोई पैसे माँगता है तो लोग सतर्क हो जाएं. तनुश्री ने आगे कहा कि उनके काम से जुड़ा कोई भी बिल या इनवॉइस सीधे उनके ऑफिशियल नंबर से ही भेजा जाता है, जिसमें पूरी लीगल डिटेल्स होती हैं. किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर प्रोडक्ट या पैसे भेजना भारी पड़ सकता है. अगर किसी को भी उनके नाम से काम से जुड़ी कोई परेशानी आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क करें ताकि किसी भी तरह के धोखे से बचा जा सके. उनका कहना है कि कुछ लोगों की वजह से मेकर्स को उन तक पहुँचने में दिक्कत आ रही है, जिसे वे अब और बर्दाश्त नहीं करेंगी।