वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पार्किंग में EV चार्जिंग बनी मौत का कारण? इंदौर अग्निकांड की अंदरूनी कहानी

प्रकाशित: 18-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पार्किंग में EV चार्जिंग बनी मौत का कारण? इंदौर अग्निकांड की अंदरूनी कहानी
इंदौर के बंगाली चौराहे के पास हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है, जबकि 3 लोग अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, आग की शुरुआत घर के बाहर पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) को चार्ज करने के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से वाहन से घर के अंदर फैल गई।
घर के भीतर रखे 10 से अधिक गैस सिलेंडरों में से कुछ में विस्फोट होने से आग और भी भयानक हो गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
पारिवारिक समारोह बना त्रासदी
बताया जा रहा है कि पुगलिया परिवार में एक पारिवारिक आयोजन चल रहा था, जिसके चलते घर में कई मेहमान मौजूद थे। इसी दौरान EV चार्जिंग के समय हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में 12 साल की एक बच्ची समेत तीन पुरुष, तीन महिलाएं और एक अन्य बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।
ज्वलनशील रसायनों ने बढ़ाई तबाही
जांच में यह भी सामने आया है कि घर के मालिक मनोज पुगलिया पॉलीमर के कारोबारी थे और घर में बड़ी मात्रा में पॉलीमर व अन्य ज्वलनशील रसायन रखे हुए थे। आग के संपर्क में आते ही इन पदार्थों ने ‘घी’ का काम किया और आग की तीव्रता कई गुना बढ़ गई, जिससे लोगों के बच निकलने का मौका बेहद कम हो गया।
प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
इंदौर के जिलाधिकारी शिवम वर्मा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। दो मंजिलों को खाली करा लिया गया है, जबकि तीसरी मंजिल की गहन तलाशी अभी जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति मलबे में फंसा न हो।
घायलों के इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात हैं और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।