वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

गुजरात विधानसभा को उड़ाने की धमकी, विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, गुजरात विधानसभा परिसर की जांच जारी

प्रकाशित: 18-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
गुजरात विधानसभा को उड़ाने की धमकी, विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, गुजरात विधानसभा परिसर की जांच जारी
अहमदाबाद: गुजरात में एक बार फिर धमकी भरे ईमेल से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बुधवार सुबह मिले एक संदिग्ध मेल के बाद गांधीनगर स्थित विधानसभा परिसर को एहतियातन खाली कराया गया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
ईमेल में राज्य के कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें अहमदाबाद के कुछ स्कूलों, कच्छ के मुंद्रा पोर्ट और गुजरात विधानसभा का उल्लेख किया गया है। संदेश में सीरियल ब्लास्ट की धमकी दी गई है, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
जांच एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। साथ ही जिन स्थानों का जिक्र किया गया है, वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ईमेल में देश के प्रमुख नेताओं का भी जिक्र किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के संदेशों का उद्देश्य अक्सर डर और भ्रम फैलाना होता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अहमदाबाद और वडोदरा के स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हाल ही में पुलिस ने एक मामले में पश्चिम बंगाल से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसने देशभर में कई फर्जी धमकी भरे मेल भेजे थे।
ताजा मामले के बाद पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों, खासकर स्कूलों और बंदरगाहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है।