वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नाराजगी या कुछ और... असम से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से दिया इस्तीफा

प्रकाशित: 18-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नाराजगी या कुछ और... असम से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से दिया इस्तीफा
असम की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, जिसे पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले ही पार्टी नेतृत्व को अपने असंतोष के संकेत दे दिए थे।
दरअसल, बोरदोलोई ने पार्टी से मांग की थी कि मौजूदा विधायक आसिफ नजर को आगामी चुनाव में टिकट न दिया जाए। हालांकि, इस सीट पर अभी तक उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बोरदोलोई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान उन पर हमला करवाया गया था, जिसमें आसिफ नजर के करीबी व्यक्ति का नाम सामने आया। उनका दावा है कि पुलिस जांच में भी यह बात सामने आई थी। इतना ही नहीं, जब आरोपी जमानत पर बाहर आया तो विधायक ने उसका स्वागत किया और उसकी मुलाकात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई से भी करवाई। बोरदोलोई ने इसे अपना अपमान बताया।
इस्तीफे से पहले उन्होंने असम के प्रभारी जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर इस मामले की शिकायत की थी और सवाल उठाया था कि “एक आरोपी को टिकट कैसे दिया जा सकता है?”
सूत्रों के मुताबिक, इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की ओर से उन्हें बीजेपी में शामिल होने का प्रस्ताव भी मिला है, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
हालांकि, कुछ समय पहले तक बोरदोलोई ने पार्टी नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा था कि वे 16 साल की उम्र से कांग्रेस से जुड़े हैं और चार बार विधायक तथा पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की सरकार में 15 साल मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस उनके “डीएनए में है”, लेकिन किसी भी तरह की गलत सांठ-गांठ को वे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
अब उनके इस्तीफे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या वे आगे कोई बड़ा राजनीतिक कदम उठाएंगे या किसी अन्य दल में शामिल होंगे।