वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीनों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी विजयी होंगेः डॉ. मोहन यादव

प्रकाशित: 09-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
राम मोहन यादव
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों व वरिष्ठ नेतृत्व के साथ सोमवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन दाखिल कराया। राज्यसभा प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की तीनों रिक्त हो रही सीटों के लिए अपने प्रत्याशी चुनाव में उतारे हैं। भाजपा के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी विजयी होंगे। प्रभु श्रीराम ने निषादराज को गले लगाकर उनको सम्मान देने का कार्य किया था। भाजपा ने प्रभु श्रीराम की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मध्यप्रदेश की रिक्त हो रही तीनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है। हर पार्टी चुनाव जीतने के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतरती है। भाजपा भी तीनों सीटों को जीतने के लिए चुनावी मैदान में है। भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीटों को जीतकर पार्टी के विजय अभियान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया जायेगा। हमारी पार्टी के प्रत्याशी महेश केवट मध्यप्रदेश के सभी दलों से वोट देने की अपील करेंगे। विजय अभियान के गौरवशाली परंपरा के अनुसार ही पार्टी संगठन ने तीसरा प्रत्याशी चुनाव में उतारकर संकल्प लिया है कि हम राज्यसभा की तीनों सीटों पर विजयी होंगे। पार्टी नेतृत्व ने समर्पित कार्यकर्ता महेश केवट को राज्यसभा का तीसरा उम्मीरवार बनाया है। राज्यसभा प्रत्याशी केवट बाल्यकाल से स्वयंसेवक रहे हैं। वह अखिल भारती विद्यार्थी परिषद, पार्टी के युवा मोर्चा सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बहुत ईमानदारी व कुशलता के साथ निर्वहन किया है। भगवान श्री राम का आशीर्वाद फिर एक बार निषादराज की परंपरा को कायम करते हुए रामराजा की नगरी ओरछा के महेश केवट को मिल रहा है। भगवान श्रीराम के रामराज्य का स्मरण कराते हुए भाजपा ने सभी वर्गों की समानता व सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है। यह अत्यंत आनंद का विषय है कि श्री महेश केवट को उच्च सदन में प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रत्याशी बनाकर हमारी पार्टी ने समाज के एक ऐसे वर्ग को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, जिस समाज का प्रतिनिधित्व अभी तक कम था। भाजपा ने उच्च सदन में प्रतिनिधित्व देकर हमारी सभी वर्गों के प्रति जो प्रतिबद्धता है, उसका शंखनाद किया है। लोकतंत्र में विजय होना हर पार्टी की इच्छा होती है। मुझे पूरा भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी के तीसरे प्रत्याशी भी राज्यसभा में विजयी होंगे। मैं अपनी ओर से प्रदेश सरकार की ओर और मध्यप्रदेश की जनता की ओर से उन्हें राज्यसभा चुनाव में विजयी होने की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी के पास राज्यसभा की तीनों सीटों को जीतने के लिए पर्याप्त संख्या में विधायक हैं। पार्टी पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ राज्यसभा चुनाव लड़ रही है, भाजपा की विजय सुनिश्चित है। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ओरछा धाम से आते हैं। भगवान श्रीराम का आशीर्वाद उन पर तथा भारतीय जनता पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं पर है। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से यह चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा जा रहा है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं देश की सेवा के लिए राजनीति करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। कांग्रेस राज्यसभा चुनाव को लेकर भ्रम और असमंजस की स्थिति में है। कांग्रेस नेताओं के बयानों में एकरूपता नहीं है, कांग्रेस पार्टी के भीतर ही अनेक प्रकार के सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी को लेकर चिंता करने के बजाय कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दे रही है। प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है। राज्यसभा चुनाव में भी संगठनात्मक शक्ति भाजपा की विजय का आधार बनेगी और पार्टी राज्यसभा चुनाव में मजबूती के साथ विजय प्राप्त करेगी। पार्टी प्रदेश के विकास तथा जनसेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है, इसका मैं जनता की ओर से आभार प्रकट करता हूं।
भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने नामांकन दाखिल करने के बाद पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने निषाद वंश एवं माझी समाज से आने वाले एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुनकर कार्यकर्ता आधारित राजनीति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। मैं बहुत भावविभोर हूं। भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है। यहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर महत्वपूर्ण दायित्वों तक पहुंच सकता है। मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि पार्टी मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपेगी। एक माह पूर्व ही पार्टी ने मुझे मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया था और अब राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में अवसर देकर मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ाया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल सहित पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी का मैं शत-प्रतिशत निर्वहन करूंगा तथा संगठन और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।