नशे मे धुत युवक ने अपनी सगी भांजी क़ो बनाया अपनी हवस का शिकार
प्रकाशित: 09-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ(वीअ)। बंथरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह नशे में धुत युवक ने अपनी 13 वर्षीय सगी भांजी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी की पत्नी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह बेहोश हो गई। गंभीर हालत में उसे लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद पीड़ित किशोरी से सूचना पाकर पहुंची उसकी मां ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। बंथरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले मजदूर की 13 वर्षीय बेटी कक्षा 7 की छात्रा है। वह 3 दिन पहले अपने गांव से कुछ दूर बंथरा थाना क्षेत्र स्थित मामा के घर गई और वहीं रुक गयी थी। रविवार सुबह करीब 10 बजे किशोरी और उसकी मामी घर पर थी। तभी किशोरी का 30 वर्षीय मामा शराब के नशे में घर पहुंचा और उसकी भांजी पर नियत खराब हो गई। नशे में धुत दरिंदा अपनी भांजी को जबरन कमरे में खींच ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना अंजाम देने लगा। किशोरी ने शोर मचाया तो उसकी चीख पुकार सुनकर आरोपी की पत्नी कमरे में पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर वह दंग रह गई। उसने किशोरी को अपने पति से बचने की कोशिश की।जिस पर आरोपी ने पत्नी की वहीं पर पिटाई शुरू कर दी।दरिंदे ने पत्नी को इतना पीटा कि वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। बाद में मौका पाकर दरिंदा घर से भाग निकला।इसके बाद पीड़ित किशोरी ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। सूचना के बाद पहुंची उसकी मां ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी की पत्नी बेहोशी की हालत में घर में पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे लोक बंधु अस्पताल रेफर कर दिया। जहाँ उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने पीड़ित किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पास्को की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर थाना क्षेत्र से ही आरोपी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ कर रही है। जबकि पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।