दिल्ली: घर देर से लौटने पर डांट से नाराज 13 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या की
प्रकाशित: 06-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (वीअ)। दिल्ली के शाहदरा इलाके में 13 वर्षीय एक लड़की ने घर देर से लौटने पर परिवार के सदस्यों के डांटने पर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर स्थित घर में लड़की के शव को उसकी बहन ने फंदे से लटका हुआ देखा। पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लड़की को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि लड़की देर से घर लौटी थी, जिस पर परिवार के सदस्यों ने उसे डांटा था। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसकी बहन ने उसका शव फंदे से लटका देखा और शोर मचाया, जिसके बाद नीचे उतारकर उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।