वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नरेला में गोलीबारी : हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित

प्रकाशित: 06-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। राष्ट्रीय राजधानी के नरेला में एक जिम के निकट एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किये जाने और घटनास्थल से 15 कारतूस बरामद होने के 48 घंटे से अधिक समय बाद दो अज्ञात हमलावर अभी भी फरार हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नाहरी गांव के निवासी प्रमोद कुमार (42) को तीन सितंबर को सुबह लगभग 6:50 बजे बाकनेर में एक जिम के निकट दो लोगों ने कथित तौर पर कई गोलियां मारी थीं। पुलिस ने घटनास्थल से 15 कारतूस बरामद किये थे। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए स्थानीय पुलिस और विशेष बलों के जवानों वाली चार टीम तैनात की गई हैं। घटना के बाद कुमार के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने सड़क अवरुद्ध कर दी और जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अज्ञात लोगों के खिलाफ नरेला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 109(1), 351(2) और 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।