वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली हवाई अड्डे पर पानी भरने के फर्जी वीडियो डालने वालों पर सरकार की सख्त कार्रवाई : अधिकारी

प्रकाशित: 08-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। दिल्ली हवाई अड्डे पर पिछले सप्ताह जलभराव को लेकर एआई से तैयार तस्वीरों के जरिये गलत सूचना फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में हवाई अड्डे का संचालन करने वाली दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने गलत सूचना फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) देश का सर्वाधिक व्यस्त हवाईअड्डा है। अधिकारियों ने बताया कि पावार को भारी बारिश के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर एआई से तैयार वीडियो और अन्य स्थानों के पुराने वीडियो साझा किए तथा उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे का बताकर पेश किया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और हवाई अड्डा संचालक ने छह सितंबर को उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के हिस्से के रूप में उन सोशल मीडिया हैंडल की सूची भी दिल्ली पुलिस के साथ साझा की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर दिल्ली हवाई अड्डे को लेकर भ्रामक या गलत जानकारी फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली में चार सितंबर को अपराह्न हुई भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के टर्मिनल-दो और टर्मिनल-तीन की ओर जाने वाली सड़कों और सामने वाले हिस्सों में जलभराव हो गया था।