वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अनुपम खेर के नाटक जाने पहचाने अनजाने का अमेरिका में मंचन

प्रकाशित: 08-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
ह्यूस्टन, (भाषा)। अभिनेता अनुपम खेर के नए हिंदी नाटक जाने पहचाने अनजाने का अमेरिका में मंचन किया गया। टेक्सास प्रांत के ह्यूस्टन शहर में पांच सितंबर को स्टैफोर्ड सेंटर में इस नाटक का मंचन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर इसकी प्रशंसा की। इसके साथ ही टेक्सास के कई शहरों में होने वाले कार्पामों की शुरुआत हुई, जिसके तहत यह नाटक रविवार को ऑस्टिन पहुंचा और सोमवार को डलास में इसका मंचन होगा। गजेंद्र अहिरे द्वारा लिखित और निर्देशित यह संगीतमय हास्य-नाटक आधुनिक रिश्तों में अकेलेपन, साथ और भावनात्मक दूरी जैसे विषयों पर आधारित है। इस नाटक के जरिए सह-अभिनेत्री स्वरूप संपत करीब दो दशक बाद रंगमंच पर वापसी कर रही हैं। नाटक में उनके साथ मेघना मलिक, माया शर्मा, विकास रावत, श्रद्धा मंडले और हरमन डिसूजा समेत कई कलाकार शामिल हैं। ह्यूस्टन में नाटक के सफल आगाज को बेहतरीन बताते हुए अनुपम खेर ने कहा कि मंच पर लाइव प्रस्तुति किसी कहानी के प्रभाव को तुरंत परखने का मौका देती है। खेर ने शो के बाद कहा, मंच पर दोबारा मौका नहीं मिलता और छिपने की कोई जगह नहीं होती। आपको तुरंत पता चल जाता है कि कहानी दर्शकों तक पहुंची है या नहीं। उन्होंने कहा, मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात से हुई कि दर्शक सही जगहों पर हंसे, सही जगहों पर शांत हो गए और भावनात्मक दृश्यों के दौरान हमारे साथ जुड़े रहे। स्वरूप संपत ने कहा कि खेर के साथ रंगमंच पर वापसी करना घर लौटने जैसा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि नाटक की कहानी हर पीढ़ी के लोगों से जुड़ती है।