वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अब मेट्रो से भी लोगों तक पहुंचेगी दिल्ली सरकार की कल्याणकारी योजनाएं: रेखा गुप्ता

प्रकाशित: 24-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान' के तहत दिल्ली सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी व जनहित से जुड़ी जानकारी तेजी से और अधिक से अधिक दिल्लीवासियों तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को आईटीओ मेट्रो स्टेशन से दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की जानकारी से सुसज्जित विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक और तेजी से नागरिकों तक सरल और सहज तरीके से पहुंचे। दिल्ली मेट्रो के व्यापक नेटवर्क और प्रतिदिन यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों तक पहुंच बनाकर सरकार का प्रयास है कि पात्र नागरिक अपने लिए उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जागरूक हो सकें और उनका लाभ उठा सकें।
विशेष रूप से तैयार की गई मेट्रो ट्रेनों के जरिए दिल्ली सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और पहलों की जानकारी दिल्लीवासियों तक पहुंचाई जाएगी। इनमें आयुष्मान वय वंदना योजना, यात्रियों के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए कारोबार को आसान बनाने की पहल और बिना गारंटी 10 करोड़ रुपये तक का ऋण, इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी के तहत कर लाभ और सब्सिडी, दिल्ली पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पांच रुपये में भोजन देने वाली अटल कैंटीन योजना, जरूरतमंद महिलाओं के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2,500 रुपये की सहायता, दिल्ली मेट्रो का विस्तार, स्वच्छ दिल्ली-हरित दिल्ली अभियान, महिलाओं के लिए सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड, 1,511 अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितीकरण और स्वच्छ यमुना मिशन शामिल हैं। इन विशेष मेट्रो ट्रेनों के जरिए सरकार का प्रयास है कि दिल्लीवासियों को अपने रोजाना के सफर के दौरान ही उनके लिए उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। सरकार की योजनाओं की जानकारी को मेट्रो यात्रियों तक पहुंचाने के लिए केवल ट्रेन रैपिंग तक ही अभियान सीमित नहीं रहेगा।
दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में बड़े पैमाने पर डिजिटल माध्यम का भी इस्तेमाल किया जाएगा। अभियान के तहत डिजिटल पीन, जिनमें वीडियो वॉल शामिल हैं, पर निर्धारित अंतराल पर योजनाओं और सेवाओं से संबंधित संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। इन पीन पर हर पांच मिनट में 15 सेकंड के लिए संदेश दिखाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अभियान के तहत दिल्ली क्षेत्र के मेट्रो स्टेशनों पर स्थायी प्रचार पैनल भी लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्टेशन पर पैनलों के माध्यम से योजनाओं और सरकारी पहलों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान' का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी को नागरिकों के और करीब पहुंचाना है। दिल्ली मेट्रो प्रतिदिन बड़ी संख्या में दिल्लीवासियों को जोड़ती है और ऐसे में मेट्रो ट्रेनों, डिजिटल पीन तथा स्टेशन पर लगाए गए पैनल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की यह पहल सरकार और जनता के बीच सूचना की दूरी को कम करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं नागरिकों के हित और सुविधा को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही हैं।