वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली को कूड़ा-मुक्त बनाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करे एमसीडी : रेखा गुप्ता

प्रकाशित: 05-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
दिल्ली को कूड़ा-मुक्त बनाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करे एमसीडी : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, (वीअ)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी की स्वच्छता और कचरा निस्तारण को शहर की छवि से जुड़ा हुआ बताते हुए पावार को कहा कि दिल्ली को कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए एमसीडी को इसे अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करना चाहिए।
गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली को ऐसी व्यवस्था की ओर बढ़ना होगा, जहां कूड़े के प्रभावी निस्तारण के साथ सार्वजनिक स्थान स्वच्छ रहें और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ दिल्ली केवल सफाई व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह बेहतर जीवन, स्वस्थ वातावरण और विकसित शहर की पहचान भी है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली को कूड़ा-मुक्त बनाने को निगम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करने पर जोर दिया, क्योंकि राजधानी की स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सीधे दिल्ली की छवि से जुड़ी है। गुप्ता ने यह टिप्पणी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात के दौरान की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में बताया कि पावार को गुप्ता के आधिकारिक आवास 'मुख्यमंत्री जनसेवा सदन' में एमसीडी की विशेष एवं तदर्थ समितियों के नवनियुक्त अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने उनसे मुलाकात की। बयान के मुताबिक, निगम की ओर से बैठक का नेतृत्व महापौर प्रवेश वाही ने किया। उप महापौर मोनिका पंत और निगम के नेता सदन जयभगवान यादव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। इसमें कहा गया है कि गुप्ता ने निगम पदाधिकारियों के साथ दिल्ली के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा उनसे राजधानी को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने निगम पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम को अब किसी भी प्रकार की वित्तीय परेशानी से नहीं गुजरना पड़ेगा। उन्होंने कहा, दिल्ली में 'डबल इंजन' की सरकार के माध्यम से केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय का लाभ राजधानी के विकास को मिलना चाहिए। वित्तीय संसाधनों की चिंता से मुक्त होकर निगम को अपने दायित्वों और विकास कार्यों पर पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहिए।