वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सांसद मनोज तिवारी के बड़े भाई साधु शरण तिवारी को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब

प्रकाशित: 07-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली (वीर अर्जुन)। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी के सबसे बड़े भाई स्व. साधु शरण तिवारी की आत्मिक शांति के लिए रविवार को तालकटोरा स्टेडियम में प्रार्थना और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पार्षद, पूर्वांचल के प्रमुख लोग, समाजसेवी और आम कार्यकर्ता पहुंचे और दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि साधु शरण तिवारी का 22 अगस्त को दिल्ली में निधन हो गया था। सांसद निशिकांत दुवे ने कहा आज हम जिस कारण से यहाँ एकत्रित हैं, इतना बड़ा कार्पाम हो पा रहा है, मनोज तिवारी जैसा बड़ा शख्स पैदा हुआ, इसके पीछे उस व्यक्ति ने संयुक्त परिवार का कितना बड़ा उदाहरण पेश किया, ये हम सभी को सोचने की बात है।मैं बाबा वैद्यनाथ से प्रार्थना करता हूँ कि मनोज तिवारी जी और उनके परिवार को शक्ति दें। प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मृत्यु अवश्यंभावी है, ये सबको पता है, फिर भी जब कोई अपना, निकट संबंधी, परिवारजन, जिससे प्रेम-स्नेह हो, पूरा जीवन साथ काटा हो, वो चाहे कितना भी बड़ा हो, उसके जाने के बाद जो रिक्तता आती है, जो मन में संताप और दुख होता है, वो वही समझ सकता है जिस पर बीती हो। साधु शरण तिवारी से मेरा मिलना 1-2 बार प्रणाम तक ही हुआ था, लेकिन उनका प्रतिबिम्ब मनोज भाई से बातों में हमेशा दिखता था। जब भी मनोज भाई के साथ बैठते थे, परिवार की, माता जी की और भैया की बात होती थी। तब समझ आता था कि मनोज जी के जीवन में और पूरे परिवार के लिए वो पिता तुल्य थे। उन्होंने पूरे परिवार को एक मुट्ठी की तरह बांध के रखा था। श्रद्धांजलि सभा में सांसद मनोज तिवारी भावुक हो गए। उन्होंने कहा - भैया मेरे लिए पिता और ईश्वर समान थे। मुझे गायन के करियर में आगे बढ़ाने वाले और सफलता की सीढ़ी तक पहुंचाने वाले वही थे। परिवार के तो अभिभावक थे ही, हमारे पूरे परिवार की नींव थे। प्रार्थना सभा का आयोजन तिवारी परिवार की ओर से किया गया था।इस अवसर पर परिवार से पत्नी माधुरी तिवारी मां ललिता कुंवर तिवारी अशोक तिवारी (भाई), सांसद मनोज तिवारी (भाई), उदय तिवारी (बेटा), दुर्गा शंकर तिवारी (भाई) मौजूद रहे।