वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

डबल इंजन सरकार तिगुनी गति से करवा रही हरियाणा का विकास: मुख्यमंत्री

प्रकाशित: 07-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बवानी खेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। जनसभा में मुख्यमंत्री को सुनने अपार भीड़ उमड़ी। इस ऐतिहासिक जनसभा में मुख्यमंत्री ने लगभग 78 करोड़ रुपये की 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा में भाजपा की डबल इंजन सरकार आज तिगुनी गति से विकास कार्य करवा रही हैं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी, जनसभा के आयोजक विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, सांसद चौ. धर्मबीर सिंह, पूर्व मंत्री श्रीमती किरण चौधरी, भिवानी विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, नलवा विधायक श्री रणधीर सिंह पनिहार व पूर्व मंत्री श्री जेपी दलाल भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस जनसभा में जनता की अपार उपस्थिति हरियाणा की डबल इंजन सरकार की नीतियों पर अटूट विश्वास की मोहर है। उन्होंने बवानी खेड़ा के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दोहराते हुए कहा कि कदम-कदम पर विकास की नई इबारत लिखी जाएगी और यह क्षेत्र तरक्की के नए शिखर छूएगा। उन्होंने बताया कि विगत 12 वर्षों में इस विधानसभा क्षेत्र में 1446 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत के विकास कार्य कराए गए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में यह आंकड़ा मात्र 609 करोड़ 58 लाख रुपये था। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस इलाके के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। एनएच-148बी का भिवानी-हांसी खंड 1322 करोड़ रुपये से पूर्ण हो चुका है, एनएच-709ए का निर्माण 749 करोड़ रुपये से किया गया है, भिवानी-खरक एनएच 709 ई को 169 करोड़ रुपये से चारमार्गीय बनाया गया है, मानहेरू-बवानी खेड़ा रेलवे लाइन दोहरीकरण 413 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन है जिसमें 12 किलोमीटर का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि खरक कलां में जल घर 29 करोड़ 47 लाख रुपये और सुंदर डिस्ट्रीब्यूटरी लाइनिंग 21 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। फसल खरीद पर अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपये सीधे भिजवाए जा चुके हैं। पिछले 12 वर्षों में फसल खराबे पर किसानों को 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।