वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

हनुमान मंदिर, कनॉट प्लेस में ‘पहल हेल्थ वेलनेस सेंटर' शुरू

प्रकाशित: 08-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक श्री हनुमान मंदिर, कनॉट प्लेस में अब दर्शन के साथ-साथ भक्तों के संपूर्ण स्वास्थ्य की भी जांच होगी। मंदिर परिसर में ‘पहल हेल्थ वेलनेस सेंटर' का शुभारंभ कर दिया गया है। यह केंद्र पूरी तरह निशुल्क होगा और हर वर्ग के भक्तों को समर्पित है।
मंदिर के पीठाधीश्वर महंत सुरेश शर्मा ने फीता काटकर सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, ङ“बजरंगबली की सेवा का मतलब सिर्फ पूजा नहीं, भक्त की सेवा भी है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपना हेल्थ चेकअप कराना भूल जाते हैं। ‘पहल' इसी सोच की पहल है। स्वस्थ भक्त ही सच्चे मन से सेवा कर पाएगा।''
इस अवसर पर डी के गुप्ता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात वीरेन्द्र बब्बर जिला अध्यक्ष भाजपा। राज कुमार आनंद विधायक पटेल नगर । मोहन लाल कौशिक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हरियाणा भाजपा। संजय शर्मा अध्यक्ष हिन्दू सनातनी सेना । विनोद शर्मा अध्यक्ष ओल्ड मिनी मार्केट जनपथ। मयंक शर्मा अधिवक्ता। हिमांशु शर्मा जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा भाजपा । प्रवेश कुमार, अन्य हनुमान भक्त सम्मलित रहे ।
सेंटर में बीपी, शुगर, वजन, हड्डी घनत्व, आंख और दांतों की बेसिक जांच की सुविधा होगी। हर मंगलवार और शनिवार को स्पेशलिस्ट डॉक्टर बैठेंगे। हृदय रोग, डायबिटीज और हड्डी के मरीजों के लिए काउंसलिंग भी होगी। महंत जी ने बताया कि यह पहल मंदिर ट्रस्ट और कुछ समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से शुरू की गई है। पहले चरण में रोजाना 100 भक्तों का रजिस्ट्रेशन होगा। उन्होंने सभी भक्तों से अपील की कि दर्शन के बाद 10 मिनट निकालकर अपनी जांच जरूर कराएं।