वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार कर रही काम

प्रकाशित: 02-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। कर्मचारियों की 12 मांगें मानी जा चुकी हैं। जो मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, उनका तत्काल समाधान सरकार के स्तर पर संभव नहीं है। न्यायालय की ओर से जो भी निर्देश आएंगे, सरकार उनके अनुरूप कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा में विधायक श्री विकास सहारण द्वारा सफाई कर्मचारियों से संबंधित पूछे गए एक प्रश्न के संबंध में सदन में जवाब दे रहे थे। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने इस विषय पर सदन में विस्तृत वक्तव्य देकर विपक्ष और प्रदेश की जनता को पूरी स्थिति से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की समस्याएं पहले भी सामने आती रही हैं और कांग्रेस के शासनकाल में भी ऐसी समस्याएं थीं। वर्तमान सरकार इन समस्याओं से मुंह मोड़ने के बजाय लगातार उनका समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। इसके बावजूद कांग्रेस इस विषय पर राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को किसी भी विषय को सदन में उठाने का पूरा अधिकार है और वह अपनी बात सदन के समक्ष रख सकता है। सरकार हर उचित विषय का जवाब देने और उसका समाधान निकालने के लिए तत्पर है।