वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

जैतपुर में बारिश बनी आफत, नंदी नाले उफान पर

प्रकाशित: 01-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शहडोल (वीअ)। जिले के जैतपुर क्षेत्र में रविवार तड़के से हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। लगातार बारिश से कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं, जैतपुर क्षेत्र से छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख भीतरी मार्ग भी पानी के तेज बहाव के कारण बंद हो गया है। रसमोहनी के पास स्थित कुंनुक नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण सुबह से ही इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया।
यह मार्ग रसमोहनी से अमाहा-बरगामा होते हुए भटिया और आगे छत्तीसगढ़ को जोड़ता है। क्षेत्र में बारिश के कारण कुंनुक नदी का जलस्तर बढ़ गया और पुल के ऊपर पानी पहुंच गया। पानी का बहाव लगातार बना हुआ है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है। इसी तरह बोकरामार से भाटिया जाने वाले मार्ग पर स्थित छोटी नदी के रपटा के ऊपर से भी पानी बह रहा है। पानी आने के कारण यहां भी आवागमन बंद कर दिया गया है। रपटा और पुल के ऊपर तेज बहाव के बीच से गुजरना बेहद खतरनाक हो सकता है। अचानक जलस्तर बढ़ने पर वाहन या व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बह सकता है। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है। कुंनुक नदी के पुल के दोनों ओर पुलिसकर्मियों को लगाया गया है और मार्ग को बंद करा दिया गया है, ताकि लोग पानी के बीच से निकलने का प्रयास न करें। जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान ने लोगों से अपील की है कि नदी, पुल और रपटा के ऊपर पानी बहने की स्थिति में उसे पार न करें। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।