सेरेना और वीनस टाईब्रेकर में हारी, अल्काराज और सबालेंका की आसान जीत
प्रकाशित: 06-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
न्यूयॉर्क, (एपी)। सेरेना और वीनस विलियम्स एक बार फिर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में आकर्षण का केंद्र रहीं, लेकिन वे वापसी पर जीत हासिल नहीं कर पाई जबकि अप्रैल के बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता में खेल रहे कार्लोस अल्काराज़ ने अपना विजय अभियान जारी रखा। सेरेना और वीनस ने हालांकि महिला युगल के पहले दौर के मैच में कड़ी चुनौती पेश की। इन दोनों बहनों ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए मैच को टाईब्रेकर तक पहुंचाया। उनके पास जीत का शानदार मौका था लेकिन टाईब्रेकर में उन्होंने 5-0 की बढ़त गंवा दी और और आखिर में हाओ-चिंग चान और माया जॉइंट से 6-3, 6-7 (6), 7-6 (10-7) से हार गईं। यह 2022 के बाद यूएस ओपन में उनका पहला मैच था। उन्होंने यहां दो बार युगल खिताब जीता है। तीसरे सेट में 4-1 से पिछड़ने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए सेट को बराबरी पर ला दिया था। सेरेना ने इस साल 44 साल की उम्र में टेनिस में वापसी की। वीनस 46 साल की उम्र में भी टूर पर खेलना जारी रखे हुए हैं। इस बीच पुरुष एकल में मौजूदा चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज़ ने वू यिबिंग को 6-3, 6-4, 6-1 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। दाहिनी कलाई में चोट के कारण चार महीने तक खेल से बाहर रहने वाले दो बार के चैंपियन अल्काराज़ का सामना अब 20वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल से होगा।