कांग्रेस का तुष्टीकरण का एजेंडा सफल नहीं होगाः रेखा आर्य
प्रकाशित: 02-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
देहरादून,(वीअ)। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस दलित सम्मान के नाम पर राजनीतिक माहौल बनाने में जुटी है, लेकिन उसे उन दलित युवाओं की सुरक्षा की चिंता नहीं है, जिन्होंने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद खुद को कथित धमकियों के कारण असुरक्षित महसूस किया और कानून का सहारा लिया। रेखा आर्य ने कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड की पवित्र सामाजिक परंपराओं और मर्यादाओं को समझे बगैर छुआछूत जैसे संवेदनशील विषय को राजनीतिक रंग देने में जुटे हैं। यहां की जागरूक जनता ऐसी विभाजनकारी राजनीति को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। कैबिनेट मंत्री ने सवाल उठाया कि हल्द्वानी की घटना पर राजनीति चमकाने में जुटे राहुल गांधी और कांग्रेस को यह जवाब देना चाहिए कि उनकी बयानबाजी के बाद खौफ में जी रहे और धमकियों का सामना कर रहे उन दलित युवाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? यदि कांग्रेस वास्तव में दलित समाज की हितैषी है, तो उसे इन युवाओं की सुरक्षा पर सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। दलित सुरक्षा का विषय कांग्रेस के लिए केवल भाषणों और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित नहीं होना चाहिए। रेखा आर्य ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी द्वारा उत्तराखंड की सामाजिक समरसता को लेकर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं। शुद्धिकरण कार्पाम का आयोजन एक स्वतंत्र सामाजिक संस्था द्वारा किया गया था, जिसने स्वयं भाजपा से अपने किसी भी संबंध से साफ इनकार किया है।