वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ठप हुआ दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें अस्थायी रूप से बंद

प्रकाशित: 16-03-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
ठप हुआ दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें अस्थायी रूप से बंद
दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (DXB) के पास एक ड्रोन अटैक से एक ऑयल टैंक में आग लग गई। दुबई मीडिया ऑफिस ने इसकी पुष्टि की है। दुबई सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का काम कर रही हैं और अब तक किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
दुबई के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने सुरक्षा कारणों से हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। यह कदम यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। कुछ उड़ानों को अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Al Maktoum International Airport ) की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।
दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार सिविल डिफेंस टीमों ने आग को सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया है। दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों से संबंधित जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।
हवाई अड्डे पर न जाएं'
संयुक्त अरब अमीरात की प्रमुख एयरलाइन में से एक एमिरेट्स एयरलाइंस (Emirates Airline) ने अपने यात्रियों से अपील की है कि कृपया हवाई अड्डे पर न जाएं। दुबई आने-जाने वाली सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। एमिरेट्स ने हम अपने ग्राहकों से सहयोग और धैर्य की अपील की है।
सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा। 2025 में रिकॉर्ड 95.2 मिलियन यात्रियों ने इसके टर्मिनलों से यात्रा की। विश्वभर में यात्रा के प्रति बढ़ती रुचि और संयुक्त अरब अमीरात के सबसे बड़े शहर में पर्यटन, व्यापार और रियल एस्टेट के बढ़ते अवसरों के कारण महामारी के बाद के साल में हवाई अड्डे का विकास तेजी से हुआ।
110 देशों के लिए उड़ान
दुबई ने 2025 में 2024 के मुकाबले पर्यटकों की संख्या में 5% की बढ़ोतरी दर्ज की थी। यह लगातार तीसरा साल था जब रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े दर्ज किए गए हैं। दुबई हवाई अड्डे पर 2024 में 92.3 मिलियन यात्रियों ने यात्रा की, जबकि 2023 में यह संख्या 86.9 मिलियन थी। 2019 में, कोरोना महामारी के कारण हवाई यात्रा पूरी तरह से बाधित होने से ठीक पहले, यात्रियों की संख्या 86.3 मिलियन थी। 2018 में यह संख्या 89.1 मिलियन थी। यह हवाई अड्डा 110 देशों के 291 शहरों के लिए उड़ान भरने वाली 108 एयरलाइनों को सेवा प्रदान करता है।