वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 299 अंक चढ़ा

प्रकाशित: 24-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुंबई, (भाषा)। कच्चे तेल के दाम में नरमी के साथ घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को तेजी आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 299 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 23,400 अंक के पार पहुंच गया। विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल के दाम में नरमी के अलावा पश्चिम एशिया में संकट कम होने की उम्मीद से भी बाजार को समर्थन मिला। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 299.17 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,828.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 444.66 अंक चढ़कर 74,973.74 अंक तक पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 117.80 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड और लार्सन एंड टुब्रो में प्रमुख रूप से तेजी रही। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचसीएलटेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट ाtढड 0.35 प्रतिशत बढ़कर 99.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की संभावनाओं के संकेतों के बीच निवेशकों ने लिवाली की।