वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बच्चों को आगे बढ़ने के लिए शिक्षा, अवसर और सही मार्गदर्शन मिलना जरूरी : हर्ष मल्होत्रा

प्रकाशित: 11-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
मल्होत्रा ने कहा कि बच्चों के सपनों को परिस्थितियों की बाधा न बनने देने के लिए उन्हें शिक्षा, अवसर और सही मार्गदर्शन मुहैया कराना जरूरी है। 'स्वनाथ सम्मेलन-2026 : अनाथ से स्वनाथ की ओर' कार्पाम को संबोधित करते हुये बृहस्पतिवार को मल्होत्रा ने कहा कि समाज की जिम्मेदारी केवल बच्चों को संरक्षण देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनकी क्षमताओं को निखारने की दिशा में भी काम करना चाहिए। एक बयान के मुताबिक, मल्होत्रा ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच दिया जाना चाहिए, ताकि कठिन परिस्थितियां उनके सपनों और भविष्य की राह में रुकावट न बनें। कार्पाम में दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि 18 वर्ष की आयु किसी बच्चे के संरक्षण की समाप्ति नहीं, बल्कि उसके नए जीवन की शुरुआत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल देखभाल संस्थानों से बाहर आने के बाद 'आफ्टर-केयर' व्यवस्था में शामिल होने वाले युवाओं को बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता, रोजगार, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, दस्तावेज प्रबंधन, जीवन कौशल और मेंटरशिप जैसी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। बिष्ट ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि 18 वर्ष की आयु के बाद कोई युवा खुद को अकेला महसूस न करे, सरकार, विश्वविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और समाज को मिलकर दीर्घकालिक सहयोग व्यवस्था तैयार करनी होगी। बयान के अनुसार, 'नई उड़ान ट्रस्ट' और 'विश्व मांगलय स्वनाथ परिषद' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्पाम को दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग तथा गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का सहयोग मिला।