वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कटाक्ष आप सरकार को एक्सपीरियंस हो गया नशा बढ़ाने, भ्रष्टाचार करने और जनता को गुमराह करने का

प्रकाशित: 22-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को जनता से किए गए वादों को पूरा न करने पर घेरते हुए कहा कि आप पार्टी ने पंजाब की जनता से नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की फसल खरीदने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन 5 साल होने के बाद भी इन्होंने वादे पूरे नहीं किए। आप पार्टी ने महिलाओं, किसानों, गरीबों के साथ धोखा किया, यह धोखेबाज सरकार है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंजाब के फाजिल्का जिले के सितो में आयोजित नशा विरोधी यात्रा नशा मुक्त पंजाब कार्पाम को संबोधित कर रहे थे। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े बड़े वादे किए थे कि नशे को खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे, पंजाब को रंगला पंजाब बनाने का काम करेंगे। लेकिन बड़े दुख की बात है कि यह सिर्फ वोट लेने के लिए कही गई बातें थी। आज पंजाब की जनता बताए कि पंजाब में नशा बढ़ा है या घटा है। हकीकत ये है कि पंजाब में चार गुणा नशा बढ़ा है, चार गुणा पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है, यह सोचने की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो देख रहा था, जिसमें भगवंत मान कह रहे थे कि पहले कुछ लोग बोलते थे कि इन्हें एक्सपीरियंस नहीं है काम का, लेकिन अब हमें एक्सपीरियंस हो गया है। श्री नायब सिंह सैनी भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मान साहब आपको एक्सपीरियंस हो गया है नशे को बढ़ाने का, नशे में युवाओं को फंसाने का, प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ाने का, कैसे पैसा लूटना है, कहां से लूटना है, फिरोतियों का पैसा कौन मांगता है, ये एक्सपीरियंस आप पार्टी की सरकार को हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवाओं को बचाने और उन्हें संभालना एक चुनौती है। पंजाब जो कभी अपने शूरवीरों के लिए और कुश्ती-कबड्डी के लिए पूरे देश का गौरव होता था, उसे एक गहरी साजिश और राज्य सरकार की नाकामी के कारण नशे की आग में धकेलने का काम किया गया। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब के लोगों की भावनाओं के साथ मजाक किया है।