वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अमरकंटक के सर्वोदय तीर्थ में भक्तिभाव से मनाया जा रहा, दशलक्षण पर्यूषण पर्व

प्रकाशित: 22-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
अमरकंटक (वीअ)। मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में श्री पर्वराज दशलक्षण पर्यूषण पर्व श्रद्धा ,भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है । 16 सितंबर से प्रारंभ हुए इस दस दिवसीय पर्व में प्रतिदिन भगवान आदिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना ,अभिषेक , शांतिधारा एवं धार्मिक विधान संपन्न किए जा रहे हैं।
जैन समाज के महिला-पुरुष एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर रहे हैं । पर्व के दौरान उत्तम क्षमा, मार्दव , आर्जव, सत्य, शौच, संयम, तप , त्याग, आकिंचन्य एवं ब्रह्मचर्य जैसे दस धर्म लक्षणों की आराधना की जा रही है। यह पर्व आत्मशुद्धि , संयम, त्याग और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है तथा अहिंसा और क्षमा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाता है । दिगंबर जैन समाज के नीलेश जैन , देवेंद्र जैन (चुन्नू) एवं पार्षद श्रीमती निधि जैन ने बताया कि 28 सितंबर सोमवार को सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में भव्य क्षमावाणी महोत्सव एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्पाम के अंतर्गत प्रात08 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा, 10 बजे क्षमावाणी महोत्सव, 11 बजे वात्सल्य भोज तथा दोपहर 12 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी । इसके पश्चात दोपहर 03 बजे पुन अभिषेक-शांतिधारा और शाम 07 बजे संगीतमय महाआरती का आयोजन होगा । इस अवसर पर श्रद्धालु परस्पर क्षमा मांग कर मैत्री , सद्भाव और आत्मशुद्धि का संदेश देते हैं । सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र कमेटी एवं सकल दिगंबर जैन समाज अमरकंटक ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में सहभागिता का आग्रह किया है ।