वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बडा हादसा टला, इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड रोड पर छत ढलाई के दौरान गिरी सेंटरिंग

प्रकाशित: 24-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शहडोल (वीअ)। संभागीय मुख्यालय के इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड रोड स्थित विजय इलेक्ट्रॉनिक एवं विजय साउंड परिसर में मंगलवार को छत ढलाई के दौरान सेंटरिंग गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन नगर पालिका अमले और पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर त्वरित कार्यवाही की। हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक सतर्कता के कारण स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर पालिका के अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित किया और बुलडोजर की मदद से क्षतिग्रस्त व कमजोर हिस्सों को हटवा कर आसपास के व्यापारियों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की। घटना के दौरान दुकान बंद थी और अंदर निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक हुए इस हादसे में कुछ श्रमिकों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। स्थल के आसपास गुप्ता परिवार सहित कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान और रिहाइशी क्षेत्र स्थित हैं, जिसके मद्देनजर प्रशासन द्वारा तत्काल सुरक्षा घेरा बनाया गया। नगर पालिका की इस त्वरित प्रतिािढया और पुलिस प्रशासन के बेहतर समन्वय की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। अधिकारियों की मौजूदगी में मलबे को हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित करने का काम बिना किसी विलंब के पूरा किया गया। हालांकि, घटना के बाद निर्माण कार्य की वैधता, स्वीकृति और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों और नागरिकों का कहना है कि ग्राउंड फ्लोर पर ड्रेनेज/गटर प्रणाली के ऊपर निर्माण और ऊपरी मंजिलों की संरचनात्मक मजबूती की जांच होना आवश्यक है। नागरिकों ने मांग की है कि विजय इलेक्ट्रॉनिक एवं विजय साउंड के संचालक द्वारा किए जा रहे इस निर्माण कार्य के स्वीकृत नक्शे, नगर पालिका अनुमति और तकनीकी मापदंडों की विस्तृत समीक्षा की जाए। यदि जांच में बिना अनुमति निर्माण, सेटबैक नियमों का उल्लंघन या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित निर्माणकर्ता और जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।