वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मॉडल रोड के कार्य में तेजी लाएः आशा भंडारी

प्रकाशित: 04-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शहडोल (वीअ)। शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने गुरुवार को विभिन्न मार्गों का मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति एवं नागरिकों की समस्याओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ श्रीमती भंडारी ने इंदिरा चौक से सिंहपुर रोड स्थित पोन्डा नाला तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति देखी। उन्होंने उपयंत्री शरद द्विवेदी को निर्देश दिए कि दो दिवस के भीतर गड्ढों का भराव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए, ताकि वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद सीएमओ ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड का एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक पैदल चल कर निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य में बाधक बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को दिए। पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा होते ही सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा कर नागरिकों के लिए आवागमन सुगम बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सड़क किनारे दुकानों एवं मकानों के सामने पड़े निर्माण मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। श्रीमती भंडारी ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार डायवर्सन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने सीएमओ को सड़क निर्माण एवं आवागमन से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। सीएमओ ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने सभी उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य के दौरान वे नियमित रूप से मौके पर मौजूद रह कर कार्य की प्रगति की निगरानी करें।