वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली के होटल में व्यक्ति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या की

प्रकाशित: 04-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में 28 वर्षीय महिला की उसके पति ने पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी और इसके बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के फलोदी निवासी 29 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई है, जिसने होटल प्रिंस के एक कमरे के अंदर अपनी पत्नी शिवानी पर चाकू से हमला किया और इसके बाद कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इस जोड़े ने लगभग छह महीने पहले शादी की और विवाह के बाद लगभग एक महीने तक राजस्थान में साथ रहे। शुरुआती जांच के अनुसार, शिवानी दिल्ली आ गई और एक ब्यूटी पार्लर में काम करने लगी, जबकि प्रकाश राजस्थान में ही रहा और वह फलोदी में चाय की दुकान चलाता था। पुलिस ने कहा कि प्रकाश घटना से एक दिन पहले दिल्ली पहुंचा और लाहौरी गेट थाना क्षेत्र में होटल प्रिंस में एक कमरा बुक किया। बाद में शिवानी भी वहां आ गई। पुलिस ने बताया कि रात में पारिवारिक विवाद को लेकर कमरे के अंदर दंपति के बीच बहस हो गई, जिसके बाद प्रकाश ने शिवानी पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अपनी पत्नी को कथित तौर पर चाकू मारने के बाद प्रकाश ने आत्महत्या करने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि घटना का पता बृहस्पतिवार सुबह चला जब होटल कर्मियों ने दोनों को बेहोश पाया। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद एक टीम होटल पहुंची और जोड़े को नजदीकी अस्पताल में ले गई। डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रकाश को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।