वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

श्यामकली का इलाज के दौरान नागपुर मे हुआ निधन

प्रकाशित: 13-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शहडोल (वीअ)। जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के आखेटपुर के डाला टोला में 70 वर्षीय श्यामकली पटेल का नागपुर में इलाज के दौरान निधन हुआ, शव एंबुलेंस से गांव तक तो पहुंचा, लेकिन घर से महज एक किलोमीटर पहले कीचड़ से सना रास्ता एंबुलेंस के पहिए रुक गये। मजबूर परिजनों को शव को बैलगाड़ी पर रख कर करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से घर ले जाना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत आखेटपुर के वार्ड नंबर-1 डाला टोला निवासी 70 वर्षीय श्यामकली पटेल का नागपुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। परिजन उनका शव एंबुलेंस से गांव तक लेकर पहुंचे, लेकिन घर से करीब एक किलोमीटर पहले रास्ते ने एंबुलेंस के पहिए रोक दिए। बारिश के बाद सड़क की हालत ऐसी थी कि चार पहिया वाहन आगे बढ़ना मुश्किल था, सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और दलदल होने के कारण एंबुलेंस को आगे नहीं ले जाया जा सका। जिस शव को एंबुलेंस से लाया गया था, उसे करीब एक किलोमीटर तक बैलगाड़ी में रखकर घर पहुंचाना पड़ा। यह सिर्फ एक परिवार की मजबूरी नहीं, बल्कि उस गांव की बदहाल सड़क व्यवस्था की तस्वीर बनकर सामने आई है। जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र पटेल का कहना है कि डाला टोला तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, ग्रामीणों ने सड़क की समस्या दूर करने की गुहार लगाई, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क का स्थायी समाधान नहीं हो सका।