वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

एलसीए एमके-1ए लड़ाकू विमान का बेसब्री से इंतजार : एयर मार्शल

प्रकाशित: 23-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
एलसीए एमके-1ए लड़ाकू विमान का बेसब्री से इंतजार : एयर मार्शल
नई दिल्ली, (भाषा)। वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने 'एचएएल तेजस' हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) के 'एमके-1ए' संस्करण की आपूर्ति में देरी की पृष्ठभूमि में मंगलवार को कहा कि विमान में इंजन लगा दिए गए हैं और इसे वायुसेना में शामिल किए जाने से पहले उचित एवं व्यापक परीक्षण किए जा रहे हैं।
बहुपक्षीय हवाई अभ्यास 'तरंग शक्ति' पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान 'एलसीए एमके-1ए' की स्थिति के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में दीक्षित ने कहा कि भारतीय वायुसेना भी इस लड़ाकू विमान के शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा, "एचएएल ने स्पष्ट किया है कि शुरुआत में इंजन की ओर से देरी हुई थी... हमें पर्याप्त संख्या में इंजन नहीं मिल पाए थे। अब हमें इंजन मिल गए हैं और उन्हें विमान में लगा दिया गया है। विमान को शामिल किए जाने से पहले हम उचित और व्यापक परीक्षण कर रहे हैं। दीक्षित ने कहा, अभी दो-तीन हिस्सों का परीक्षण की कसौटी पर खरा उतरना बाकी है। मुझे लगता है कि हम उस तकनीकी समस्या को एक-दो महीने में दूर कर लेंगे। इसके बाद, विमान को शामिल करने का रास्ता साफ हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने ऐसे विमानों की संख्या नहीं बताई, जिनमें इंजन लगा दिए गए हैं और न ही इनकी आपूर्ति के संभावित समय के बारे में कोई जानकारी दी। 'एमके-1ए' संस्करण की आपूर्ति में देरी एक बड़ा मुद्दा बनकर उभरी है। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह सार्वजनिक रूप से यह मुद्दा उठा चुके हैं। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की ओर से बेंगलुरु में हाल में आयोजित एक कार्पाम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा प्रौद्योगिकी से जुड़ी परियोजनाओं में देरी पर चिंता जताई थी।