वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

वाहन चोरी के मामले में 25 हजार के इनामी आरोपी गिरफ्तार, पांच कारें बरामद

प्रकाशित: 23-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। दिल्ली पुलिस ने वाहन चोरी और धोखाधड़ी के मामलों में कथित संलिप्तता के लिए 25,000 रुपये के इनामी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चोरी की पांच कारें बरामद कीं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में मेरठ के रहने वाले इंतजार (48) को 11 सितंबर को जीटीबी अस्पताल के पास कथित तौर पर चोरी की वैन चलाते हुए पकड़ा गया था। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि इंतजार चोरी के वाहन में शालीमार गार्डन की ओर से आएगा जिसके बाद पुलिस ने अस्पताल के पास जाल बिछाया और उसे रोक लिया।
पुलिस ने कहा कि उसके पास से बरामद वैन के संबंध में गत 28 जुलाई को हौज खास थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, इंतजार ने वाहन चोरी में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने में शामिल सहयोगियों के नाम बताए जिनमें नईम, नासिर उर्फ चिकना, बिलाल उर्फ बंदर और आरिफ उर्फ डोरेमोन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उसके खुलासे के आधार पर, चोरी की चार और कारें बरामद की गईं। पुलिस ने कहा कि वाहनों में दो वैन और तीन एसयूवी कार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, एक टैबलेट, फर्जी पंजीकरण प्लेट और अस्थायी नंबर प्लेट भी बरामद की गईं।