वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नड्डा, मुख्यमंत्री नायडू ने आंध्र प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन किया

प्रकाशित: 13-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम

विजयवाड़ा, (भाषा)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्यभर में 249 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 10 गहन चिकित्सा खंडों और 12 एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं (आईपीएचएल) का शनिवार को उद्घाटन किया।
गहन चिकित्सा खंडों में कुल 500 बिस्तर है और इनमें अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और न्यूरोसर्जरी की सुविधाएं भी मौजूद हैं। उद्घाटन के बाद विजयवाड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, यह स्वास्थ्य प्रणालियों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है... हमने 12 जगहों पर आईपीएचएल और 10 स्थानों पर गहन चिकित्सा खंड का उद्घाटन किया है। नड्डा ने वर्ष 2020 में आई कोविड-19 महामारी का पा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य प्रणाली और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की जरूरत को समझा। उन्होंने कहा कि महामारी को अवसर में बदला गया और 2021 में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए 64,180 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य महामारी और आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य प्रणाली को तैयार करना है। नड्डा के अनुसार, आंध्र प्रदेश में 23 गहन चिकित्सा खंड, 26 आईपीएचएल और 45 आयुष्मान आरोग्य शहरी मंदिर तथा बड़ी संख्या में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए 1,271 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि गहन चिकित्सा खंड में आपातकालीन सेवाएं, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), पृथक वार्ड, बड़े और छोटे ऑपरेशन थिएटर तथा बच्चों के इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अमरावती क्वांटम बायो वैली को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के अनुरोध पर नड्डा ने केंद्र के सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विचार-विमर्श के लिए एक तकनीकी दल राज्य की नई राजधानी में भेजा जाएगा। वहीं, नायडू ने कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कई सुधार किए हैं और दुनिया के देशों को कोविड-19 के टीके उपलब्ध कराए हैं।
उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल सीट की संख्या 51 हजार से अधिक बढ़कर दोगुनी से ज्यादा हो गई है और मंगलागिरि में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को बेहतर तरीके से विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण से जुड़ी संजीवनी परियोजना जल्द पूरे राज्य में शुरू की जाएगी और यह एक बड़ा बदलाव लाएगी। इससे पहले नड्डा और नायडू ने विजयवाड़ा के पुराने सरकारी अस्पताल में एक गहन चिकित्सा खंड और आईपीएचएल का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।