वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सपा, कांग्रेस की बांटो और राज करो नीति उप्र में फिर लागू नहीं होने देंगे : नितिन नवीन

प्रकाशित: 22-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मेरठ, (भाषा)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर अंग्रेजों की बांटो और राज करो नीति अपनाने का सोमवार को आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में इस नीति को किसी भी हाल में फिर से लागू नहीं होने देगी। नवीन ने मेरठ में भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्पाम को झूठ की गूंज करार दिया और कहा कि झूठ का जीवन लंबा नहीं होता।
नवीन ने आरोप लगाया कि सपा के नेता उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घूमकर राज्य को फिर से बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अंग्रेज चले गए, लेकिन उनकी बांटो और राज करो की नीति को पहले कांग्रेस ने अपनाया और बाद में समाजवादी भी इस पर अमल करने लगे। हम सब लोग आज यहां संकल्प लेने आए हैं कि हम कांग्रेस और सपा की इस नीति को किसी भी हाल में उत्तर प्रदेश में फिर से लागू नहीं होने देंगे। नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों की ओर से जो खेल खेलने का प्रयास किया जा रहा है, उसे खत्म करना है और राज्य में विकास के रथ को रुकने नहीं देना है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और सपा अपने परिवार के बाहर कभी निकल ही नहीं पाईं, मगर आज वे पिछड़ों और दलितों की बात करती हैं। उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, कुछ लोग तो नल की टोटी भी चुरा लेते थे और आज वे कहते हैं कि हम इस राज्य में सरकार बनाएंगे, युवाओं का भविष्य संवारेंगे। जिन्होंने केवल अपने परिवार का भविष्य देखा है, उन्हें उत्तर प्रदेश के भविष्य की चिंता कभी नहीं हो सकती।माना जा रहा है कि नवीन का इशारा सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ था, जिनका नाम पूर्व में टोटी से जुड़े प्रकरण में उछला था। नवीन ने कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों को किसी ने सम्मान दिया है, तो वह भाजपा ही है।
नवीन ने कहा कि कांग्रेस नेता और कुछ अन्य लोग युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं राहुल गांधी से पूछता हूं कि क्या आपने कभी अमेठी के युवाओं से संवाद करके उनका दर्द सुना? क्या उनके रोजगार के लिए कुछ किया? यह काम भी अगर किसी ने किया है, तो वह भाजपा ही है। भाजपा अध्यक्ष ने राहुल के छात्रों की गूंज कार्पाम पर तंज कसते हुए कहा, आज राहुल गांधी पूरे देश में झूठ की गूंज लेकर घूम रहे हैं, लेकिन झूठ का जीवन लंबा नहीं होता है।