वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

120 की रफ्तार, नशे में रेस, जो सामने आया कुचला गया…जयपुर में कैसे मचा मौत का तांडव?

प्रकाशित: 10-01-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
120 की रफ्तार, नशे में रेस, जो सामने आया कुचला गया…जयपुर में कैसे मचा मौत का तांडव?
:जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में शुक्रवार (9 जनवरी) देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. खरबा सर्किल के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने कई ठेलों को टक्कर मार दी. इस हादसे में 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान भीलवाड़ा निवासी रमेश बेरवा के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में क्या पता चला?
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा महज लापरवाही नहीं, बल्कि रेसिंग का नतीजा था. ऑडी कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई जा रही थी. पूछताछ में हिरासत में लिए गए युवक पप्पू ने बताया कि कार चला रहा युवक दिनेश रणवा शराब के नशे में था. कार में कुल चार युवक सवार थे और सभी नशे में बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, ऑडी कार पत्रकार कॉलोनी की ओर से खरबा सर्किल की तरफ आ रही थी. जैसे ही कार सर्किल पर पहुंची, वह डिवाइडर से टकरा गई. इसके बाद चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय कार की रफ्तार और बढ़ा दी. बेकाबू कार एक के बाद एक सड़क किनारे लगे ठेलों को कुचलती चली गई. इस दौरान एक दूसरी कार को भी टक्कर लगी, जो बाद में पेड़ से टकराकर पलट गई. पेड़ गिरने से भी कई लोग इसकी चपेट में आ गए.

मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तुरंत जयपुरिया और एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया. चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. ऑडी कार में सवार तीन अन्य युवकों की पहचान कर ली गई है और उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस इलाके में रेसिंग करते रहे हैं. रिहायशी इलाके में इतनी तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना गंभीर अपराध माना जा रहा है और पुलिस दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में जुटी है.