तलवारबाजी: तनिक्षा प्री क्वार्टर फाइनल में हारीं, हेमाश और सचिन भी बाहर
प्रकाशित: 23-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नागोया, (भाषा)। भारत की तनिक्षा खत्री ने मंगलवार को यहां एशियाई खेलों की महिला व्यक्तिगत एपी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन प्रीक्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की विश्व चैम्पियन सोंग सेरा से हार गईं। भारत की 22 वर्षीय तलवारबाज तनिक्षा को सोंग के खिलाफ 9-15 से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने इससे पहले अंतिम 32 के मुकाबले में थाईलैंड की नत्पापत सांगनगियो को 15-10 से हराया था। इसी वर्ग में भारत की एक अन्य तलवारबाज मित्वा चौधरी को अंतिम 32 में चीन की यांग जिंगवेन ने 15-14 से हराया। इस साल की शुरुआत में नाइजीरिया में हुए राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैम्पियनशिप में सीनियर महिला एपी वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली तनिक्षा ने हालांकि अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। भारत के हेमाश सिंह सनासाम और सचिन भी पुरुष व्यक्तिगत फॉइल स्पर्धा में अंतिम 32 के मुकाबलों में हारकर बाहर हो गए।