वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुक्केबाज सुमित कुंडू प्री क्वार्टर फाइनल में

प्रकाशित: 22-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
निशियो (जापान), (भाषा)। भारत के मुक्केबाजी अभियान की एशियाई खेलों में सोमवार को शानदार शुरुआत हुई जब सुमित कुंडू ने 70 किग्रा वर्ग के शुरुआती दौर में थाईलैंड के बुनजोंग सिनसिरी को सर्वसम्मत फैसले में हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने से चूके दो भारतीय मुक्केबाजों में शामिल कुंडू ने अंतिम दौर में दबदबा बनाते हुए सिनसिरी को 5-0 से हराया। अब उनका सामना इराक के अली कासिम हमदान अल सर्रा से होगा। कुंडू ने मुकाबले के बाद कहा, सिनसिरी बेहद अनुभवी मुक्केबाज हैं। मैं कई प्रतियोगिताओं में उनसे मुकाबला कर चुका हूं। हमारे कोच ने जो रणनीति बनाई थी, वह कारगर साबित हुई और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहा। उन्होंने कहा, मेरा लक्ष्य यहां स्वर्ण पदक जीतना है। इसे हासिल करने के लिए मैं पूरी ताकत झोंक दूंगा। भारत ने एशियाई खेलों के लिए 11 सदस्यीय मुक्केबाजी टीम उतारी है जिसमें छह पुरुष और पांच महिला मुक्केबाज शामिल हैं। पिछले एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजों ने चार पदक जीते थे जिनमें एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल थे।