वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

जनसमस्याओं का निस्तारण भी होगा, सुविधाएं भी मिलेंगी,कोई भी पीड़ित निराश न लौटे

प्रकाशित: 23-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्पाम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने एक-एक फरियादी से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित, प्रभावी, समयबद्ध एवं न्यायसंगत समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, दिव्यांगजन सहित विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। फरियादियों द्वारा भूमि एवं राजस्व विवाद, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्यवाही, शिक्षा एवं रोजगार सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं। श्री मौर्य ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही न बरती जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन आमजन से सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इससे सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का त्वरित एवं संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। समस्याओं का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि उनका सम्पूर्ण समाधान कराया जाए, जिससे पीड़ित व्यक्ति को दोबारा कहीं भटकना न पड़े और उसे बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। श्री मौर्य ने कहा कि परेशान न हों, समस्याओं का समाधान भी होगा और सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाएं भी मिलेंगी। जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है तथा प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों को उनका अधिकार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।