वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पाक ने अफगानिस्तान पर फिर किया हवाई हमला

प्रकाशित: 22-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पाक ने अफगानिस्तान पर फिर किया हवाई हमला
इस्लामाबाद, (एपी)। पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सोमवार को पूर्वी अफगानिस्तान में कुछ ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिन्हें पाक सुरक्षा अधिकारियों ने संदिग्ध चरमपंथियों का ठिकाना बताया। पाकिस्तान ने दावा किया कि इन हमलों में 28 चरमपंथी मारे गए।
काबुल के अधिकारियों ने कहा कि हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है। दोनों देशों की सीमा के पास हुए इन हमलों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। इससे सीमा पार और टकराव की आशंका पैदा हो गई है और चीन समेत क्षेत्र के देशों की ओर से पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के बीच मध्यस्थता के प्रयासों पर भी असर पड़ सकता है। ये हमले पाकिस्तान की उस चेतावनी के बाद किए गए हैं जिसमें उसने सीमा के पास हाल में अपने सुरक्षा बलों पर हुए दो घातक हमलों के बाद अफगानिस्तान के भीतर चरमपंथियों को निशाना बनाने की बात कही थी।
पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए जाने वाले चरमपंथियों के हमलों में हाल के वर्षों में इजाफा हुआ है। हमलों में यह बढ़ोतरी कई महीनों से जारी सैन्य कार्रवाई के बाद है। फरवरी से सीमा पार संघर्ष में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। फरवरी में पाकिस्तान ने अफगान इलाके में हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में अफगानिस्तान ने जवाबी हमले किए थे। इस्लामाबाद में अधिकारियों ने हिंसा की अधिकतर घटनाओं के लिए पाकिस्तानी तालिबान और उससे संबद्ध चरमपंथी समूहों को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तानी तालिबान 2021 में सत्ता में लौटे अफगान तालिबान से अलग संगठन है, हालांकि दोनों एक दूसरे के सहयोगी हैं। पाकिस्तान के दो सुरक्षा अधिकारियों ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा कि सोमवार को हुए हवाई हमलों में 28 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए। हालांकि, अफगानिस्तान सरकार ने कहा कि हमलों में तीन आम नागरिक मारे गए और चार अन्य घायल हो गए। दोनों पक्षों के दावों की तुरंत स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में इन हवाई हमलों की निंदा की और कहा कि इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने लिखा, हमारा मानना है कि बार बार इस तरह के अपराध को दोहराया जा रहा है और हम इस आाढामकता एवं ज्यादती की निंदा करते हैं। पाकिस्तानी सैन्य हलकों ने एक बार फिर अपने देश की सुरक्षा विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए ऐसा अपराध किया है। अफगानिस्तान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि हमले तड़के करीब तीन बजे कुनार प्रांत के नूरगल जिले और पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में हुए। शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए फितरत ने कहा कि हमले में नूरगल के पठान गांव में नूर अहमद नाम के एक ग्रामीण का घर तबाह हो गया जिसमें अहमद और उनके परिवार के दो सदस्य मारे गए और चार अन्य रिश्तेदार घायल हो गए।