वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

तमिलनाडु में 'विजय' सरकार... लेफ्ट ने किया समर्थन, मंत्रिमंडल में शामिल होगी VCK, गर्वनर से मिलेंगे TVK चीफ

प्रकाशित: 08-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
तमिलनाडु में 'विजय' सरकार... लेफ्ट ने किया समर्थन, मंत्रिमंडल में शामिल होगी VCK, गर्वनर से मिलेंगे TVK चीफ
चेन्नई:
तमिलनाडु में कांग्रेस के बाद सीपीआई, सीपीएम और वीसीके ने भी टीवीके प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की बात कही है. सूत्रों के मुताबिक तीनों पार्टियां विजय को सीएम बनाने के लिए समर्थन कर रही हैं. इसके बाद टीवीके प्रमुख विजय सरकार गठन के संबंध में आज शाम फिर से तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करने वाले हैं.
तमिलनाडु सरकार गठन: वीसीके और वामपंथी समर्थन के बाद टीवीके की स्थिति कैसी है?
• टीवीके - 107
• कांग्रेस - 5
• सीपीआई- 2
• सीपीएम - 2
• वीसीके - 2
• कुल- 118
विजय की विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए इस सप्ताह राज्यपाल के साथ यह तीसरी मुलाकात होगी. टीवीके के एक सूत्र ने बताया कि बैठक के दौरान विजय संभवतः सरकार गठन के संबंध में अपना पक्ष पेश करेंगे.
विजय की अपील पर चर्चा के लिए माकपा की बैठक
इससे पहले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सहयोगी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा था कि वो शुक्रवार को इस बात पर निर्णय लेगी कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए समर्थन देना है या नहीं. पार्टी ने इसके लिए एक बैठक बुलाई थी, जिसमें विजय की पार्टी की ओर से की गई अपील पर निर्णय लेने के लिए चर्चा की गई.
टीवीके ने राज्य में 'एक नई धर्मनिरपेक्ष' सरकार बनाने के लिए समर्थन देने का अनुरोध किया था. माकपा ने विधानसभा चुनाव में दो सीट जीती हैं.
माकपा की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी. षणमुगम ने विजय के तत्काल मुख्यमंत्री बनाए जाने का पुरजोर समर्थन किया था. उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से विजय को सरकार बनाने की अनुमति देने का आग्रह किया था, क्योंकि टीवीके 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. वीसीके अध्यक्ष थिरुमावलवन की पार्टी नेताओं से चर्चा
विदुथलई चिरुथयगल काची (वीसीके) के अध्यक्ष थिरुमावलवन ने भी कहा था कि तमिलनाडु में तेजी से बदल रहे राजनीतिक हालात पर पार्टी अपना आधिकारिक रुख वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद घोषित करेगी. थिरुमावलवन ने कहा कि हालिया विधानसभा चुनावों में त्रिशंकु जनादेश आने के बाद राज्य में सरकार गठन को लेकर बनी अनिश्चितता पर चर्चा करने के लिए वीसीके की उच्चस्तरीय समिति की बैठक हो रही है.
वीसीके प्रमुख ने कहा कि हालांकि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते उनके पास स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अधिकार है, लेकिन आधिकारिक रुख घोषित करने से पहले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय और भावनाओं को समझना उनकी जिम्मेदारी है.