वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

रातोंरात करोड़ों फॉलोअर्स हुए गायब! इंस्टाग्राम के बड़े एक्शन से हिले सेलेब्स, प्रियंका चोपड़ा से लेकर टेलर स्विफ्ट तक को लगा झटका

प्रकाशित: 07-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
रातोंरात करोड़ों फॉलोअर्स हुए गायब! इंस्टाग्राम के बड़े एक्शन से हिले सेलेब्स, प्रियंका चोपड़ा से लेकर टेलर स्विफ्ट तक को लगा झटका
सोशल मीडिया की दुनिया में इंस्टाग्राम लोगों का सबसे पसंदीदा प्लेटफॉर्म बन चुका है. इस प्लेटफॉर्म पर लोग अपनी फोटो, वीडियो और रील्स शेयर करते हैं, जिसके चलते वे लाखों लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुके हैं और जमकर कमाई कर रहे हैं. जैसे-जैसे इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है, वैसे-वैसे फर्जी अकाउंट्स और बॉट्स की समस्या भी काफी ज्यादा बढ़ती जा रही है. इसी समस्या को खत्म करने के लिए इंस्टाग्राम ने साल 2026 में एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने बड़े पैमाने पर एक सफाई अभियान चलाया, जिसमें लाखों ऐसे अकाउंट्स हटाए गए हैं, जो या तो लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए गए थे या फिर पूरी तरह से फर्जी और ऑटोमेटेड थे. इस अभियान के दौरान बड़े-बड़े सितारों के फॉलोअर्स पर काफी असर पड़ा है.
सेलिब्रिटी-इन्फ्लुएंसर्स के फॉलोअर्स में आई गिरावट
इंस्टाग्राम की इस कार्रवाई के बाद कई सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर्स और ब्रांड्स के फॉलोअर्स की संख्या में अचानक गिरावट देखने को मिली है. कई टॉप सेलेब्स के फॉलोअर्स रातोंरात लाखों में कम हो गए हैं. इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी हलचल तेज हो गई है. इसका सबसे ज्यादा असर अमेरिकी इन्फ्लुएंसर, एक्ट्रेस और बिजनेसवुमन काइली जेनर पर पड़ा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 14 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स साफ हो गए हैं. इसे देखने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए. इसका असर सिर्फ काइली जेनर पर ही नहीं, बल्कि कई बड़े क्रिएटर्स और पब्लिक फिगर्स के फॉलोअर्स पर भी पड़ा है.
क्या था इसका उद्देश्य?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के इस बड़े एक्शन का मुख्य उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर ऑथेंटिसिटी को बेहतर बनाना है. आज के समय में कई लोग बॉट्स का इस्तेमाल करते हैं, जिससे वे फॉलोअर्स, लाइक्स और कमेंट्स को आर्टिफिशियल तरीके से बढ़ा लेते हैं. वहीं अब इंस्टाग्राम चाहता है कि प्लेटफॉर्म पर जो भी एंगेजमेंट आए, वह असली यूजर्स से आए. इसलिए इस तरह के फर्जी और फेक अकाउंट्स को हटाने के लिए बड़ा एक्शन लिया गया है.
कई अन्य सेलिब्रिटीज के फॉलोअर्स में गिरावट
बताया जा रहा है कि सेलेना गोमेज के भी लगभग 6 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स इसी सफाई की वजह से कम हो गए हैं. इनके अलावा एरियाना ग्रांडे, बियॉन्से, टेलर स्विफ्ट, जस्टिन बीबर, विराट कोहली, प्रियंका चोपड़ा जैसे कई सेलिब्रिटीज के नाम शामिल हैं, जिनके फॉलोअर्स रातोंरात धड़ाम से नीचे गिर गए हैं.
इतने घटे प्रियंका चोपड़ा-जेनिफर लोपेज के फॉलोअर्स
जानकारी के मुताबिक, प्रियंका चोपड़ा के फॉलोअर्स की संख्या पहले करीब 94,558,158 थी, जो अब घटकर 93,413,034 रह गई है. एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 1,145,124 फॉलोअर्स कम हो गए हैं, जो फेक थे. जेनिफर लोपेज की बात करें तो उनके अकाउंट पर करीब 245,702,759 फॉलोअर्स थे, जो अब घटकर 242,271,800 रह गए हैं. उनके फॉलोअर्स करीब 3,430,959 तक नीचे गिर गए हैं. वहीं टेलर स्विफ्ट के 279,993,327 फॉलोअर्स थे और अब 275,827,600 रह गए हैं. उनके करीब 4,165,727 फॉलोअर्स घट गए हैं.