वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मौत की फैली झूठी अफवाह तो नाराज हुए 73 साल के शक्ति कपूर, कहा- मैं एक्शन लूंगा

प्रकाशित: 08-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मौत की फैली झूठी अफवाह तो नाराज हुए 73 साल के शक्ति कपूर, कहा- मैं एक्शन लूंगा
सेलेब्स को लेकर झूठी अफवाहें फैलना कोई नई बात नहीं है। अक्सर ही सितारों की तरह-तरह की अफवाहें सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन जाती हैं। अब मशहूर अभिनेता शक्ति कपूर के साथ भी यही हुआ है। सोशल मीडिया पर शक्ति कपूर की मौत की अफवाह फैल गई है, जिससे एक्टर काफी नाराज हो गए हैं। उन्होंने खुद एक वीडियो जारी कर इन अफवाहों के पीछे का सच अपने चाहने वालों को बताया है। इंस्टाग्राम पर शक्ति कपूर ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें एक्टर बताते हैं कि वे एकदम फिट, स्वस्थ और खुश हैं। वीडियो में शक्ति ने अपनी मौत की खबरों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा, "मेरी मौत की सारी खबरें फर्जी हैं। मैं स्वस्थ हूं, खुश हूं, प्लीज इन्हें इग्नोर करें।" साथ ही इस तरह की खबरें फैलने पर एक्टर दुख भी जताते हुए नजर आए। शक्ति ने कहा कि मैं इसको लेकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने जा रहा हूं, लेकिन यह ठीक नहीं है। यह अच्छा नहीं है।" वीडियो में शक्ति भले ही काफी शांत नजर आ रहे हो, लेकिन उनके चेहरे पर मायूसी साफ तौर पर देखी जा रही थी। शक्ति कपूर के इस वीडियो पर लोग तरह-तरह से रिएक्ट करते नजर आए। कई फैंस ने उनकी लंबी आयु की दुआ की। एक ने कहा, "टाइगर जिंदा है।" दूसरे ने कहा, "आप सदैव स्वस्थ रहें, यही ईश्वर से प्रार्थना है।"