वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

कानपुर का 'महाठग' पप्पू छुरी गिरफ्तार, मजदूरों के कागजों से बना करोड़पति, 1600 करोड़ के खेल का खुलासा

प्रकाशित: 08-05-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
कानपुर का 'महाठग' पप्पू छुरी गिरफ्तार, मजदूरों के कागजों से बना करोड़पति, 1600 करोड़ के खेल का खुलासा
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने फर्जीवाड़े और आर्थिक अपराध की सारी हदें पार कर दी थीं. पुलिस ने अरबों रुपये के वित्तीय धोखाधड़ी मामले के मुख्य आरोपी महफूज अली उर्फ पप्पू छुरी को जाजमऊ इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला सिर्फ करोड़ों की हेराफेरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हवाला, जीएसटी चोरी जैसे गंभीर एंगल भी शामिल है.
महफूज अली का काम करने का तरीका जितना सरल था, उतना ही शातिर भी. वह कम पढ़े-लिखे मजदूरों, पेंटरों और कबाड़ियों को निशाना बनाता था. उनके पैन कार्ड और पहचान पत्रों (Aadhaar आदि) का इस्तेमाल कर फर्जी कंपनियां बनाई जाती थीं. इस पूरे खेल का असली मास्टरमाइंड फिरोज खान नाम का एक वकील बताया जा रहा है, जो इन फर्जी जीएसटी फर्मों को कानूनी और तकनीकी रूप से तैयार करवाता था.
श्याम नगर चौकी के पास 16 फरवरी को दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने यशोदा नगर के वासिद और अरशद से 24 लाख रुपये की लूट की थी। दोनों जाजमऊ निवासी महफूज आलम उर्फ पप्पू छुरी के लिए काम करते थे। लूट की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस महफूज और उसके खातों तक पहुंची तो ढाई साल में 1600 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला.
ममता सरकार जाने के बाद कोलकाता से लौटा कानपुर
पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे बुलाया तो वह फरार हो गया. फरारी के दौरान वह अपनी ससुराल कोलकाता पहुंचा, जहां एक तृणमूल कांग्रेस नेता की पनाह में था. पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजे सामने आने के बाद तृणमूल का प्रभाव खत्म हुआ तो महफूज ने खुद को बचाने के लिए मुखबिरों से बातचीत की. पुलिस अधिकारियों की मानें तो एक मुखबिर के आश्वासन पर वह कानपुर आया. इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया.
करोड़ों का ट्रांजेक्शन कर रहा था पप्पू छुरी
जाजमऊ की रहने वाली आरती बेरोजगार हैं. वह मजदूरी कर जीवन यापन कर रही हैं. महफूज ने उसके नाम पर आरती इंटरप्राइजेज बनाकर करीब 100 करोड़ का ट्रांजेक्शन किया. इसी तरह शहनवाज के नाम पर फर्जी आधार-पैन बनाकर राजा इंटरप्राइजेज के जरिए 64.44 करोड़ रुपये का लेनदेन किया. काशिफ और अल्फिशा के नाम पर बनाई गई फर्मों से 68.25 करोड़ और 133 करोड़ का ट्रांजेक्शन किया गया.
कबाड़ी का काम करने वाले अजय शुक्ला के दस्तावेज लेकर मां विध्यवासिनी इंटरप्राइजेज के नाम से करीब 21 करोड़ का ट्रांजेक्शन किया गया. वहीं, पेंटर निखिल कुमार के नाम पर रवि इंटरप्राइजेज बनाकर 7.75 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया था.
इन सभी लोगों को इस बात की भनक तक नहीं थी कि उनके खातों का इस्तेमाल करोड़ों के फर्जी ट्रांजेक्शन के लिए किया जा रहा था. जब पुलिस इन तक पहुंची, तो उनकी आर्थिक हालत देखकर खुद पुलिस भी हैरान रह गई.