वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

टोक्यो विवाद के पांच साल बाद भारतीय टेबल टेनिस दल में लौटे सौम्यदीप ने हरसंभव मदद की पेशकश की

प्रकाशित: 04-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से कोच बने सौम्यदीप रॉय पांच साल पहले तोक्यो ओलंपिक में बड़े विवाद में घिरने के बाद बहु खेल आयोजन के लिए भारतीय टेबल टेनिस टीम में लौट आए हैं। हालांकि वह व्यक्तिगत कोच की भूमिका में होंगे।
रॉय जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में पायस जैन, सुथीर्था मुखर्जी और सिंड्रेला दास के व्यक्तिगत कोच के रूप में जाएंगे। खेल मंत्रालय ने बुधवार को सहयोगी स्टाफ की सूची में उनके नाम को मंजूरी दे दी। हालांकि वह समर्पित सहयोगी स्टाफ का हिस्सा नहीं हैं और इसलिए उन्हें खेलने के स्थल तक पहुंच मिलने की संभावना नहीं है। सहयोगी स्टाफ की टीम की अगुवाई इटली के मास्सिमो कोस्तांतिनी कर रहे हैं। तोक्यो ओलंपिक के दौरान राष्ट्रीय कोच रहे रॉय उस समय विवादों के केंद्र में आ गए थे जब स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा ने खेलों के दौरान अपने मुकाबलों में उनसे कोचिंग लेने से इनकार कर दिया था। मनिका ने आरोप लगाया था कि ओलंपिक से पहले रॉय ने उनसे एक मुकाबला फिक्स करने के लिए कहा था जिससे कि उनसे प्रशिक्षण लेने वाली खिलाड़ी प्रतिष्ठित खेलों के लिए क्वालीफाई कर सके। इस विवाद के बाद 2022 में टीटीएफआई को निलंबित कर दिया गया था। दरअसल संचालन संबंधी मुद्दों के कारण महासंघ को पिछले महीने फिर से निलंबित कर दिया गया।