वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पीएम मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा पर यूपी में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान'

प्रकाशित: 13-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सत्ता की कोई वंश परंपरा या विरासत नहीं थी, बल्कि उन्होंने तप, साधना और संघर्ष से अपनी पहचान बनाई। प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन संयुक्त रूप से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान' चलाएंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान सीएम योगी ने अभियान की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेशभर में ‘सेवा दिवस' मनाया जाएगा। हर ग्राम पंचायत और नगर निकाय में प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और सेवा कार्य भी होंगे। योगी ने बताया कि बड़नगर और काशी के बीच 20 यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जल गुजरात ले जाया जाएगा। 17 सितंबर से शुरू होने वाली यात्राएं सात अक्टूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। प्रत्येक यात्रा में प्रतिदिन जनसंवाद और चौपाल आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत प्रदेश के 826 विकासखंडों और 762 नगर निकायों में ‘सेवा सेतु' लगाया जाएगा।
छह से सात दिन तक चलने वाले शिविरों में पात्र वंचित लोगों को पेंशन, आवास, राशन कार्ड, शौचालय, स्वास्थ्य समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर विकसित उत्तर प्रदेश' थीम पर होने वाली इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी होगी।