वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सीएसजेएमयू में ‘एआई मंथन 2.0' प्रदर्शनी का किया अवलोकन

प्रकाशित: 13-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित ‘एआई मंथन 2.0' के अंतर्गत लगाए गए स्टार्टअप स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों से जुड़े स्टार्टअप्स द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रयोग से विकसित किए गए नवाचारों, मॉडलों एवं तकनीकी समाधानों की जानकारी प्राप्त की तथा स्टार्टअप प्रतिनिधियों से संवाद किया।
राज्यपाल जी ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलवायु परिवर्तन, ग्रामीण विकास एवं शैक्षणिक प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से विकसित किए जा रहे समाधानों को देखा। उन्होंने नवाचारों की उपयोगिता, उनके व्यावहारिक प्रभाव तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक उनकी पहुंच के संबंध में जानकारी ली। स्टार्टअप प्रदर्शनी में किसानों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कृषि सलाह, फसल एवं बाजार संबंधी पूर्वानुमान, स्वास्थ्य क्षेत्र में मधुमेह एवं हृदय संबंधी रोगों की शुरुआती पहचान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित फिजियोथेरेपी, वर्चुअल क्लिनिक, शिक्षा में व्यक्तिगत एवं अनुभवात्मक शिक्षण, उत्तर पुस्तिकाओं के स्वचालित मूल्यांकन, शैक्षणिक अभिलेखों के डिजिटल सत्यापन, जलवायु जोखिम आकलन तथा विश्वविद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े नवाचार प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में एनकोश प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ‘किसान एआई' के माध्यम से किसानों को फसल चयन, सिंचाई, पोषण, कीट एवं रोग प्रबंधन, पशुधन देखभाल तथा बाजार भाव की जानकारी उपलब्ध कराने संबंधी समाधान प्रस्तुत किया गया। डी-स्कैन 360, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या द्वारा मधुमेह से संबंधित न्यूरोपैथी एवं डायबिटिक फुट के जोखिम की शुरुआती पहचान के लिए विकसित पोर्टेबल कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य प्रणाली प्रदर्शित की गई।
न्यूराकार्डिया एआई हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर द्वारा हृदय संबंधी रोगों की शुरुआती पहचान एवं निरंतर स्वास्थ्य निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पहनने योग्य माइाढाsनीडल बायोसेंसिंग प्रणाली प्रस्तुत की गई। फ़र्स्टप्रेन्योर्स टेक प्राइवेट लिमिटेड, हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा विद्यार्थियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता साक्षरता एवं अनुभवात्मक शिक्षण के लिए विकसित मंच प्रदर्शित किया गया। कोडक्लाउड द्वारा देवऑप्स, क्लाउड एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीकों में कौशल विकास के लिए व्यावहारिक एवं प्रयोग आधारित शिक्षण मंच प्रस्तुत किया गया।